कार से देहरादून ले जाने का झांसा देकर तीन लोगों ने युवक से मोबाइल और नकदी ठग ली। शिकायत पर पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन उनका पता नहीं चल पाया। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित जौरासी निवासी वाजिद ने बताया कि वह देहरादून में बहन के घर रहकर एक कंपनी में नौकरी करते हैं। शुक्रवार को वह देहरादून जाने के लिए बस अड्डे पर बस का इंतजार कर रहे थे। इस बीच तीन लोग आए और कार से देहरादून चलने की बात कही। झांसे में आकर वाजिद उनके साथ जाने को तैयार हो गए। इस बीच तीनों ने बताया कि बस अड्डे के अंदर देहरादून जाने वालों की चेकिंग हो रही है। एक व्यक्ति बस अड्डे के अंदर गया और कुछ देर बाद लौट आया। इसके बाद दूसरे व्यक्ति ने अंदर जाने से पहले एक पोटली उनके हाथ में दी और कहा कि उसमें 35 हजार की नकदी है। लौटकर वह ले लेगा। इसके बाद उन्होंने वाजिद को अंदर जाकर चेकिंग कराने की बात कही। साथ ही उनका मोबाइल, बैग और पर्स में रखे पैसे ले लिए। वाजिद ने पोटली देने लगे तो तीनों ने उसे साथ ले जाने को कहा। वह पोटली लेकर अंदर गए तो वहां चेकिंग नहीं होते देख लौट आए। तब तक तीनों उनका बैग छोड़कर फरार हो चुके थे। वाजिद ने तीनों की आसपास तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बैग खोलकर देखा तो उसमें रखे मिठाई के तीन डिब्बे गायब थे। पोटली खोली तो उसमें कागज के टुकड़े थे। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमर चंद शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। मोबाइल के आधार पर जांच की जा रही है।