भगवानपुर क्षेत्र में गोकशी की तैयारी कर रहे वांछित गोतस्कर से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मंगलवार देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, एक जीवित बछड़ा और पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को सूचना मिली कि गोकशी के मामले में वांछित छोटू निवासी हलजोरा, आईटीआई तिराहे से मसाई जाने वाले मार्ग पर स्थित आम के बाग में गोकशी की तैयारी कर रहा है। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कांबिंग शुरू की।
इस दौरान एक व्यक्ति बछड़े को पेड़ से बांधकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी लेकिन उसने दोबारा गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
मौके से .315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जीवित बछड़ा, लोहे की कुल्हाड़ी, दो छुरी, लकड़ी का गुटका, मांस पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की पन्नियां और दो प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बुग्गावाला थाने में वर्ष 2025 और भगवानपुर कोतवाली में वर्ष 2026 में भी मुकदमे दर्ज हैं। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक गोतस्कर के पैर में गोली लगी है। आरोपी पर भी पहले भी अभियोग दर्ज हैं।