यूपी के जायरीन से कलियर बस अड्डे पर नशीला पदार्थ सुंघाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि छीना-झपटी कर एक युवक ने जेब से तीन हजार रुपये, मोबाइल और अन्य सामान साफ कर दिया। वह रात भर वह बेहोशी की हालत में कांवड़ पटरी पर पड़े रहे। सुबह होश आने पर कोई भी जरूरी सामान पास में नहीं मिला। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रुड़की कोतवाली को मेरठ निवासी नूर मोहम्मद ने बताया कि वह दो दिन पूर्व जियारत के लिए कलियर जा रहा था। इस बीच मेटाडोर अड्डे के पास पहुंचा तो वहां एक युवक मिला। उसने कुछ बातचीत कर अचानक झीना झपटी कर कुछ सुंघा दिया। इसके बाद वह बेसुध होकर रात भर मौके पर ही पड़े रहे। अगले दिन जब होश आया तो पता चला कि जब से पैसे और अन्य सामान गायब है। इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। कुछ संदिग्धों से भी इस संबंध में हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है।
पूर्व में भी हो चुके हैं मामले
रुड़की और आसपास क्षेत्र में नशीला पदार्थ सुंघाकर लूट करने वाला गिरोह सक्रिय है। पूर्व में भी कई मामले सामने आ चुके हैं। ई-रिक्शा चालकों को जहर खुरानी गिरोह के बदमाश अपना शिकार बना चुके हैं। इसके अलावा रामनगर क्षेत्र में रहने वाले लोगों पर भी मालिश करने या बर्तन चमकाने के नाम पर सम्मोहित कर वारदात को अंजाम दिया जा चुका है। फर्जी बाबा बनकर भी भोले-भाले लोगों को चूना लगाने की कई घटनाएं हुई हैं।