एसयूवी से बाइक की टक्कर में बाइक सवार मोटर मैकेनिक की मौत के मामले में मृतक के पिता ने कार चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मृतक के पिता कविसर निवासी ग्राम कलसिया ने पुलिस को बताया कि उसके पुत्र निकुल की लक्सर के बालावाली तिराहे के समीप बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। आठ नवंबर को शाम केसमय वह हरिद्वार मार्ग से बाइक पर स्पेयर पार्ट्स लेकर आ रहा था। इस दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार के चालक ने तेज गति औैर लापरवाही से पीछे से उसकी बाइक को टक्कर मार दी। निकुल नीचे गिर गया।
आरोप है कि कार चालक ने दोबारा उसके ऊपर कार चढ़ा दी और भागने का प्रयास किया लेकिन एक ई-रिक्शा को टक्कर मारने के बाद एसयूवी बंद हो गई। इसपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसके पुत्र को गंभीर अवस्था में पहले लक्सर और फिर जौलीग्रांट अस्पताल ले जाया गया है। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसयूवी को कब्जे में लिया गया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
-