आठ नवंबर को दिव्यांग समाज अपनी मांगों के लिए मुख्यमंत्री आवास के घेराव के दौरान कई लोगों को हिरासत में लेने के विरोध में कस्बे में एक प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। दिव्यांग प्रतिनिधि मुंतियाज ने प्रेसवार्ता कर कहा कि पुलिस ने दिव्यांगों के साथ अभद्र व्यवहार किया जो शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि राज्य को बने 25 साल हो गए हैं फिर भी दिव्यांग आज भी अपने हक व सम्मान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। दिव्यांग संगठनों ने मांग की कि आरपीडब्लूडी एक्ट 2016 को पूरी तरह लागू किया जाए, पेंशन 5 हजार रुपये मासिक की जाए और दिव्यांग आयोग का गठन हो। साथ ही सरकारी नौकरियों में आरक्षण, बैकलॉग पदों की पूर्ति और पैरा नेशनल चैंपियनों को सामान्य खिलाड़ियों जैसी सुविधाएं दी जाएं। इस दौरान शाहिद अली, संदीप गोस्वामी, प्रदीप चौधरी, सलमान, शमीम, शहजाद आदि मौजूद रहे।