मंगलौर कोतवाली में पकड़े गए महिला दरोगा को बंधक बनाने वाले आरोपी।
- फोटो : ROORKEE
महिला दरोगा और सिपाही को बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही तीन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
शुक्रवार रात महिला दरोगा रोशनी रावत सिपाही यूनुस बेग के साथ अकबरपुर में एक महिला को बंधक बनाकर रखने की सूचना पर गांव पहुंची थीं। इस दौरान महिला दरोगा और सिपाही को कुछ ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था। पुलिस टीम को आरोपियों ने करीब तीन घंटे तक एक कमरे में बंद रखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला दरोगा और सिपाही को बंधनमुक्त कराया था। महिला दरोगा की ओर से आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी थी गई। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर ताज मोहम्मद, इलियास, इरफान, मुस्यब और अफजाल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, धक्कामुक्की, गालीगलौज और बंधक बनाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। ताज मोहम्मद, इलियास व अफजाल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया जबकि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।