एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। किशोरी ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या करने का भी प्रयास किया। किशोरी की मां ने गांव के ही युवक पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी गई। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग बेटी एक विद्यालय में पढ़ती है। गांव का ही एक युवक आए दिन उसका पीछा कर परेशान करता है। आरोपी ने कई बार किशोरी के साथ छेड़खानी की। लोकलाज के कारण उन्होंने इसकी शिकायत नहीं की। इससे आरोपी का हौसला बढ़ता रहा।
आरोप है कि 24 फरवरी को युवक उनकी बेटी को डराकर अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने घर लौटकर परिजन को बताया। इस पर वह लोग आरोपी युवक की शिकायत की लेकिन आरोपी ने उल्टा उनके साथ ही गाली-गलौज और अभद्रता करते हुए धमकी दी।
किशोरी की मां के अनुसार परेशान किशोरी ने घर में विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का भी प्रयास किया लेकिन उसे बचा लिया गया। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की शिकायत की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।