मंडावली के पास नेशनल हाईवे पर मंगलवार देर रात एक कार आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्राॅली में घुस गई। इसमें कार क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उत्तरप्रदेश के शिवनगर मोदीपुरम मेरठ निवासी शुभम गोयल अपने दोस्त हर्ष डागर निवासी हापुड़ के साथ मंगलवार रात को कार से हरिद्वार गंगा स्नान करने जा रहे थे। बताया गया कि कार सवार जैसे ही नेशनल हाईवे स्थित मंडावली के पास पहुंचे तो कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार, ट्राॅली के नीचे घुसकर क्षतिग्रस्त हो गई।
चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों दोस्तों को कार से बमुश्किल बाहर निकाला। शुभम गोयल की मौके पर ही मौत हो गई। हर्ष डागर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां पर चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन सिविल अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में ले लिया है। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि सड़क हादसे में दो दोस्तो की मौत हुई हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।