आओ मिलकर करें रक्तदान, संकल्प लें और बचाएं लोगों की जान। इसी उद्देश्य को लेकर सोमवार को उत्तराखंड ग्रामीण बैंक और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. रजत शर्मा ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है।
बीएसएम तिराहा स्थित उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की शाखा और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। बैंक के दसवें स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित शिविर में बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा आम लोग भी रक्तदान कर मानव धर्म निभा सकेंगे। सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. रजत सैैनी ने लोगों से अपील की है कि मानव के रक्त का दुनिया में कोई विकल्प नहीं है। मानव शरीर का रक्त ही दूसरों में खून की कमी को पूरा कर किसी का जीवन बचा सकता है। इसीलिए कहा जाता है कि रक्तदान से बढ़कर जीवन में कोई दूसरा मानव धर्म नहीं है। एक नवंबर को आप भी इसमें भागीदार बन सकते हैं।
ब्लड बैंक के लैब टेक्नीशियन पवन कश्यप ने बताया कि बीएसएम तिराहा स्थित उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की रुड़की शाखा में लगने वाले शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान कर सकते हैं। बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रवीण गोयल और शाखा प्रबंधक संदीप कुकरेती ने बताया कि बैंक दसवां स्थापना दिवस मना रहा है। इस उपलक्ष्य में एक नवंबर को अमर उजाला फाउंडेशन के साथ मिलकर बैंक की शाखा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान कर मानवधर्म निभाने की अपील की है। शिविर की तैयारियों में असिस्टेंट मैनेजर नेहा उपाध्याय, शिल्पा, केपी सागर के अलावा रविंद्र मलिक, भावना त्यागी आदि सहयोग कर रहे हैं।