मनरेगा का भुगतान नहीं होने से नाराज ग्राम प्रधानों ने नारसन ब्लाक में सोमवार को जमकर हंगामा काटा। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्लाक में मनरेगा कार्यों के मद में आई 36 लाख की राशि तीन प्रधानों को दे दिया गया, जबकि ब्लाक में 61 ग्राम प्रधान हैं। बीडीओ ने गुस्साए प्रधानों को समझा बुझाकर शांत कराया। साथ ही जल्द भुगतान का भरोसा दिलाया।
नारसन ब्लाक पहुंचे ग्राम प्रधानों का कहना था कि मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों के भुगतान कई माह से नहीं हो सके हैं। वहीं दो दिन पहले इस मद में आई 36 लाख की राशि गदरजुड्डा, लाठरदेवा और बूड़पुर के प्रधानों को दे दिया गया। उन्होंने बीडीओ पर मनमानी का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। साथ ही जल्द भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर हरचंदपुर के प्रधान सतीश, कुम्हराड़ी के प्रधान तमरेज, पवन सहित अन्य गांवों के प्रधान शामिल थे।इस संबंध में बीडीओ केके पंत का कहना है कि मनरेगा के भुगतान में कोई गड़बड़ी या मनमानी नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब मनरेगा का सभी भुगतान आनलाइन किया जा रहा है, जिसके लिए प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों की ओर से तमाम औपचारिकताएं पूरी करनी होती है। ऐसे में जिन ग्राम पंचायतों की फार्मेल्टी पूरी हो चुकी थी, उन्हें ही भुगतान किया गया है।