प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक से भड़के भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने मुख्यमंत्री से माफी मांगने की मांग की।
बृहस्पतिवार को भाजपा कार्यकर्ता लिब्बरहेड़ी गांव के बाहर एकत्रित हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। अरुण चौधरी ने कहा कि पंजाब सरकार ने षड्यंत्र रचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बीच रास्ते में खड़ा कर दिया था। पंजाब सरकार ने अपने गुंडों को सड़क पर लाकर प्रधानमंत्री का विरोध कराया है, जो देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा में भारी चूक है। इसे किसी भी कीमत पर बरदाश्त नहीं किया जा सकता।
कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने जा रही है, जिससे चन्नी सरकार बौखलाई हुई है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक पंजाब सरकार को भारी पड़ेगी और जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। इस दौरान मास्टर नागेंद्र कुमार, डॉ. मधु सिंह, ऋषिपाल बालियान, सचिन गुर्जर, प्रभात चौधरी, संजीत कुमार, सोनू धीमान, कनक सिंह, मास्टर ओमपाल, निशांत शर्मा, आलोक शर्मा, अनीस अहमद, जमीर हसन अंसारी मौजूद रहे।
‘पंजाब सरकार को बर्खास्त कर लगे राष्ट्रपति शासन’
भाजपा कार्यकर्ताओं ने गोवर्धनपुर कार्यालय पर बैठक कर कहा कि पंजाब सरकार ने जानबूझकर प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक की है। इसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ेगा। मंडल महामंत्री भगत सिंह पंवार ने कहा कि जो लोकतंत्र के पद पर बैठकर अपने बुजुर्ग या उच्चाधिकारियों का ही सम्मान नहीं करता है, वह आम जनता का कैसे ख्याल रख पाएगा। पंजाब की जनता वहां की सरकार से आजिज आ चुकी है। सरकार को तत्काल बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लागू करना चाहिए। बैठक में प्रमोद शर्मा, कुलदीप चौधरी, मनदीप चौधरी, दुष्यंत सिंह, राहुल गोयल अंबरीष गोयल मौजूद रहे। संवाद