उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में मतदान की तारीख नजदीक आते ही भाजपा की ओर से स्टार वार शुरू हो गई है। वहीं कांग्रेस और बसपा भी स्टार प्रचारकों से पलटवार को तैयार है। मालूम हो कि मतदान की तारीख नजदीक आते देख प्रत्याशियों में मतदाताओं को लुभाने की होड़ लगी है।
बीते रोज हरिद्वार जिले में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की सभा के बाद मंगलवार को रुड़की में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने रोड शो और जनसभा की। दूसरी ओर भगवानपुर विधानसभा में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने जनसभा को संबोधित किया। साथ ही दस फरवरी को हरिद्वार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा की तैयारियां शुरू हो गई है। प्रत्याशियों की डिमांड पर भाजपा की ओर से केंद्रीय नेताओं को क्षेत्र में प्रचार प्रसार के लिए भेजा जा रहा है। इसके तहत 12 फरवरी को लक्सर में हेमामालिनी सहित कई अन्य हस्तियों का हरिद्वार जिले में कार्यक्रम प्रस्तावित है। दूसरी ओर भाजपा के स्टारवार पर पलटवार के लिए कांग्रेस और बसपा ने भी कमर कस ली है। बसपा की ओर से नौ फरवरी को पार्टी अध्यक्ष मायावती की सभा लक्सर में होनी है, जिसे लेकर तैयारियां चल रही हैं, जबकि कांग्रेस की ओर से 12 फरवरी को ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का जिले में व्यापक कार्यक्रम है। इसके तहत हरिद्वार, रुड़की, लक्सर, कलियर सहित अन्य विधानसभाओं में राहुल गांधी के रोड शो और जनसभा आयोजित होगी। इसके लिए रुड़की विधानसभा में प्रियंका गांधी को भी बुलाने के प्रयास चल रहे हैं। सभी प्रत्याशी अपने पसंद के स्टार प्रचारकों को बुलाकर मतदाताओं को लुभाने में लगे हैं। अब देखने वाली बात होगी कि भाजपा, कांग्रेस और बसपा के स्टार प्रचारकों का मतदाताओं पर कितना असर होता है।