एक कोचिंग सेंटर से बाइक चोरी कर रहे युवक को लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया और उसकी डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके बाद लोगों ने हाईवे पर जुलूस भी निकाला। पुलिस के पहुंचने के बाद भी लोग युवक को पीटते रहे। पुलिस किसी तरह युवक को बाइक पर बैठाकर कोतवाली लेकर पहुंची। पुलिस ने बाइक मालिक की तहरीर पर युवक पर केस दर्ज कर लिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव पाडली गुर्जर निवासी मोहित कुमार मालवीय चौक के पास एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाते हैं। शनिवार सुबह वह बाइक से कोचिंग आए थे। सेंटर के पास बाइक खड़ी करके पढ़ाने चले गए। कुछ देर बाद ही एक युवक उनकी बाइक चोरी करने लगा। बाइक चोरी करता देख मोहित की नजर युवक पर पड़ी और उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया।
एक व्यक्ति ने युवक की डंडे से पिटाई शुरू कर दी। उसके सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं। इसके बाद लोगों ने हाईवे पर युवक को पीटते हुए उसका जुलूस निकाला। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने भी एक व्यक्ति युवक को गाली देने के साथ ही पीटता रहा। किसी तरह पुलिसकर्मी युवक को बाइक पर बैठाकर कोतवाली लेकर पहुंचे। वहीं, मामले में मोहित कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मोनू निवासी गांव टोडा कल्याणपुर, रुड़की के खिलाफ बाइक चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही युवक से पूछताछ की जा रही है। उधर, युवक की पिटाई की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।