एक ट्रक ने बाइक सवार सेल्समैन को पीछे से टक्कर मार दी जिससे सेल्समैन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके पर ही ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को जानकारी दी। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलौर क्षेत्र के घोसीपुरा निवासी इस्तेखार (25) सेल्समैन का काम करता था। सोमवार दोपहर वह घर से बाइक से लक्सर की ओर काम से जा रहा था। जैसे ही वह सोलानी पुल के पास पहुंचा तो पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। वह बाइक समेत सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों की भीड़ जमा होता देख चालक मौके पर ही ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी इंचार्ज लोकपाल परमार मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। साथ ही मृतक की पहचान होने के बाद घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली प्रभारी अमर चंद शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।