गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला-लाठरदेवा मार्ग पर तीन बदमाशों ने युवक से उसकी बाइक और मोबाइल लूट लिया। साथ ही युवक की पिटाई भी कर दी। पीड़ित युवक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सोहलपुर गांव निवासी संजय कुमार 25 सितंबर की रात को लाठरदेवा-पनियाला मार्ग से गांव की तरफ जा रहा था। रास्ते में एक पुलिया के पास तीन लोगों ने उसकी बाइक रोक ली। बाइक के रुकते ही तीनों ने उसे घेर लिया। इससे पहले की वह कुछ समझ पाता, तीनों लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। साथ ही शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने युवक को डरा-धमकाकर उससे बाइक, मोबाइल और नकदी लूट ली। घटना के बाद आरोपी धमकी देकर फरार हो गए।
इसके बाद युवक ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पीड़ित ने इसकी तहरीर पुलिस को दी है। गंगनहर कोतवाली के प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।