आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को हरिद्वार-रुड़की प्राधिकरण कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्राधिकरण के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। एएसडीएम प्रेमलाल ने आश्वासन देकर किसी तरह से मामला शांत कराया।
रुड़की में गंगनहर किनारे हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण का कार्यालय है। सोमवार को आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह कार्यकर्ताओं के साथ कार्यालय पर पहुंचे। उनके वहां पहुंचते ही हंगामा शुरू हो गया। महक सिंह ने आरोप लगाया कि प्राधिकरण में भ्रष्टाचार हो रहा है।
अधिकारियों ने कुछ एजेंट छोड़े हुए हैं जो नक्शा पास कराने के नाम पर लोगों से उगाही कर रहे हैं। वहीं रिश्वत नहीं देने पर काॅलोनियाें पर जेसीबी चलाई जा रही है। आरोप लगाया कि उनके एक कार्यकर्ता से रिश्वत मांगी गई है। कार्यकर्ता ने भ्रष्टाचार करने वाले एक संविदा कर्मी की शिकायत की थी जिसे हटा दिया गया था। इसके बाद से कार्यकर्ता को परेशान किया जा रहा था।
इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। हंगामे की सूचना मिलने पर एएसडीएम प्रेमलाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच का आश्वासन देकर किसी तरह से मामला शांत कराया। उन्होंने एएसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। इसमें 15 जून तक का समय दिया गया है। सुधार नहीं होने पर अनिश्चित धरने की चेतावनी दी गई।