साइबर ठगों ने एक युवक के पास रिश्तेदार बनकर ओटीपी भेजकर खाते से एक लाख रुपये उड़ा लिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को जांच के लिए साइबर सेल हरिद्वार भेज दिया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव सेठपुर निवासी अजीत सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पिछले दिनों उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने रिश्तेदार के नाम से बातचीत की। साथ ही बताया कि उसकी एक बीमा पॉलिसी मैच्योर हुई है जिसकी दस लाख की रकम आनी है लेकिन नेटवर्क की समस्या से रकम खाते में नहीं आ रही है। उसने अजीत से अपनी खाते में डलवाने की बात कही। रिश्तेदार समझकर वह खाते में रकम डलवाने के लिए तैयार हो गया। इस बीच कॉल करने वाले ने मोबाइल पर एक लिंक भेजा। इसके बाद उससे लिंक खोलकर ओटीपी नंबर की जानकारी ली। इसके बाद खाते से दो बार में एक लाख रुपये की रकम निकाल ली गई। मोबाइल पर खाते से रुपये निकाले जाने का मैसेज आया तो उसके होश उड़ गए। उसने उस नंबर पर कॉल की तो वह बंद आया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले को जांच के लिए साइबर सेल भेज दिया गया है।