निहंदपुर गांव निवासी एक महिला ने एक बैंक मित्र शाखा के संचालक पर उनके खाते से धोखाधड़ी कर 25 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाया है। महिला नेे मामले की शिकायत पुलिस से की तो वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामले में महिला ने अब एएसपी से शिकायत की है।
निहंदपुर गांव निवासी मेहराज बानो पत्नी दिलशाद ने वर्ष 2016 में सुल्तानपुर क्षेत्र में स्थित एक बैंक मित्र की शाखा में अपना खाता खुलवाया था। विगत 31 जुलाई को उसके पति के फोन पर खाते से तीन बार में 25 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। महिला पति के साथ बैंक की लक्सर स्थित मुख्य शाखा पहुंची। जहां बैंक प्रबंधक ने जांच कर बताया कि महिला के एटीएम कार्ड से पैसे की निकासी की गई है। इसपर महिला ने बताया कि उसका कभी एटीएम कार्ड बना ही नहीं है। इसके बाद बैंक अधिकारियों ने दस्तावेज देखकर बताया कि महिला का एटीएम कार्ड बनाकर उनके बैंक मित्र शाखा को जारी कर दिया गया था। इसके बाद महिला ने सुल्तानपुर चौकी पहुंचकर बैंक मित्र शाखा संचालक पर धोखाधड़ी कर पैसे निकालने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। मगर पुलिस ने करीब एक महीने बाद भी मामले में कार्रवाई नहीं की। मंगलवार शाम को महिला ने अपने पति दिलशाद और ग्राम प्रधान मौ. शमीम के साथ लक्सर पहुंचकर एएसपी राजन सिंह से मुलाकात की। बैंक मित्र शाखा के संचालक पर उसके एटीएम कार्ड का दुरुपयोग कर खाते से रकम निकालने का आरोप लगाया। लक्सर सीओ एएसपी राजन सिंह ने बताया कि सुल्तानपुर चौकी प्रभारी को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।