माल से भरे कंटेनर को लूटने की कोशिश नाकाम करते हुए पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया जबकि दो बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के पास से एक तमंचा, बाइक और ट्रक चालक से छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया। साथ ही उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं, फरार चल रहे दो बदमाशों की पुलिस तलाश कर रही है।
सोमवार को सिविल लाइंस कोतवाली में एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने प्रेसवार्ता कर बताया कि रविवार रात सिडकुल, हरिद्वार से कंटेनर में सामान भरकर चालक बोध प्रकाश निवासी ग्राम मल्लाहपुर, जिला बरेली, बरेली शहर के लिए निकला था। जैसे ही वह सोलानी पुल के पास पहुंचा तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने कंटनेर रोक लिया और खिड़की खोलकर केबिन में जा घुसे। तमंचे के बल पर उन्होंने चालक से मोबाइल और सात हजार की नकदी छीन ली। बदमाशों ने कंटेनर लूटने के इरादे से चाबी छीनने की कोशिश की, लेकिन चालक खिड़की खोलकर गन्ने के खेत में घुस गया। उसने दूसरे मोबाइल से पुलिस कंट्रोल रूम नंबर पर सूचना दी। पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
पता चला कि बदमाश हाईवे किनारे एकता ईंट भट्ठे के नंदा कॉलोनी की तरफ बाइक लेकर भागे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो दो बदमाश बाइक से कूदकर गन्ने के खेत में भाग गए जबकि एक बदमाश को रात्रि गश्त कर रहे सिपाही भीमदत्त शर्मा और होमगार्ड महक सिंह ने दबोच लिया। पुलिस उसे पकड़कर कोतवाली ले आई। कंटेनर में करीब दस लाख की कीमत का सामान था। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश वसीम निवासी शीतलपुर, थाना झबरेड़ा के पास से एक तमंचा, बाइक और चालक से छीना गया मोबाइल मिला है। पूछताछ में उसने बताया कि गैंग का सरगना सिंटू निवासी बहादराबाद और अजय निवासी सहारनपुर भी घटना में शामिल थे। सिंटू पर दुष्कर्म समेत 18 केस दर्ज हैं। वह बहादराबाद थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। इस दौरान एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल, सीओ विवेक कुमार मौजूद रहे।
--
तमंचे बेचने का काम करता है गिरोह
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि है गिरोह यूपी और उत्तराखंड में अवैध तमंचे बेचने का काम करता है। हरिद्वार में उनसे कई लोगों ने तमंचे खरीदे हैं। अवैध तमंचे खरीदने वालों को चिह्नित कराया जा रहा है। इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
--
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा, एसएसआई दीप कुमार, एसआई रूकम सिंह नेगी, भीमदत्त, अनूप, अनिल व अमित। वहीं, एसएसपी ने सिपाही भीमदत्त शर्मा को एक हजार का नकद इनाम दिया।
--
पुलिस थपथपा रही अपनी पीठ, पर
कहानी में कंटेनर चालक ही हीरो
कनपटी पर तमंचा होने के बाद भी कंटेनर की चाबी निकालकर भागा चालक
चाबी निकालने पर असहाय हुए बदमाश, कंटेनर मौके पर छोड़कर हुए फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। पुलिस अपनी स्क्रिप्ट में कंटेनर लूट की कोशिश में एक बदमाश को पकड़कर भले ही अपनी पीठ थपथपा रही हो, लेकिन स्क्रिप्ट यह साफ बता रही है कि कंटेनर चालक की सूझबूझ और साहस से ही बदमाशों की योजना विफल हुई। अगर चालक चाबी लेकर नहीं भागता और पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल नहीं करता तो बदमाश कंटेनर लूट के फरार हो जाते और पुलिस लकीर पीटती रह जाती।
दरअसल, बदमाश कंटेनर रोककर केबिन की खिड़की खोलकर अंदर घुस गए और चालक बोध प्रकाश को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर सात हजार की नकदी, एक मोबाइल और कपड़े छीन लिए। कनपटी पर तमंचा होने के बाद भी चालक घबराया नहीं और सूझबूझ का परिचय दिया। जैसे ही बदमाश कंटेनर की चाबी छीनने का प्रयास करने लगे तो वह साहस दिखाते हुए भिड़ गया और चाबी नहीं दी। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी साइड की खिड़की खोली और कूदकर गन्ने के खेत में छिप गया। चाबी नहीं मिलने पर बदमाश कंटेनर लूटकर भागने की योजना में विफल हो गए और उन्हें खाली हाथ भागना पड़ा। इसके बाद चालक ने अपनी पैंट की जेब में पड़ा दूसरा मोबाइल निकाला और पुलिस कंट्रोल रूम नंबर पर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और एक बदमाश पकड़ लिया। चालक की सूझबूझ से माल लुटने से बच गया और एक बदमाश भी पकड़ा गया। चालक के साहस की कहानी खुद पुलिस की स्क्रिप्ट ही बता रही है। बावजूद इसके पुलिस अपनी बहादुरी के कसीदे पढ़ रही है।