हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार, परिजन घायलों को लेकर पहुंचे कोतवाली
पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा, मामले की जांच शुरू
रुड़की। पुरानी रंजिश पर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। वहीं, हमले की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रुड़की कोतवाली क्षेत्र के जौरासी गांव में अजीम और मोबिन पक्ष के बीच काफी समय से पुरानी रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि सोमवार सुबह दूसरे पक्ष के लोगों ने अजीम और नौशाद पक्ष के लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से गांव में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। खुद को घिरता देख हमलावर भविष्य में मौका मिलने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को लेकर रुड़की कोतवाली पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने घायलों की हालत देखते हुए तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना था कि घायलों का उपचार कराना पहली प्राथमिकता है, इसके बाद शिकायत लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ ओशिन जोशी ने बताया कि पुरानी रंजिश पर दो पक्षों में मारपीट की बात सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र का माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।