शराब कारोबारी के घर फायरिंग के मामले में फरार चल रहा तीसरा आरोपी अब तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। इसपर पुलिस कोर्ट के आदेश पर आरोपी के घर पर कुर्की नोटिस चस्पा किया है। जल्द ही गिरफ्तारी न होने पर आरोपी के घर की कुर्की की जाएगी।
नगर के मोहल्ला केशवनगर निवासी सुशील कुमार की बालावाली तिराहे पर अंग्रेजी शराब की दुकान है। एक नवंबर की शाम वह दुकान से घर पहुंचे थे। इस बीच एक बाइक पर पीछे से आए तीन युवकों ने जान से मारने की नीयत से उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। किसी तरह उन्होंने घर के अंदर घुसकर अपनी जान बचाई थी। पुलिस ने मामले में तीनों पर केस दर्ज कर लिया था। साथ ही अभिषेक उर्फ गोल्डी, अंकुश को जेल भेज दिया था लेकिन अब तक तीसरा आरोपी सचिन पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के घर की कुर्की करने के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट ने पुलिस को कुर्की करने की अनुमति दे दी है। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि सचिन निवासी मोहल्ला सोसायटी रोड, लक्सर के घर पर बुधवार को कुर्की नोटिस चस्पा किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर जल्द ही घर की कुर्की की जाएगी।