रुड़की। एक निजी बैंक के एटीएम से पांच सौ रुपये का नकली नोट निकला है। नौ हजार की नगदी के बीच निकले पांच सौ के नकली नोट पर लाल पेन से क्रास का निशान भी लगा है। ग्राहक ने बैंक मैनेजर को नोट दिखाया। नकली होने की पुष्टि होने पर ग्राहक ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस पड़ताल में जुट गई है।
ढंडेरा निवासी जगमोहन का एक निजी बैंक में खाता है। रविवार को जगमोहन को नौ हजार रुपये की जरूरत थी। बैंक बंद होने पर उसने एटीएम का इस्तेमाल किया। रकम भरने पर कुल नौ हजार रुपये में पांच सौ के 18 नोट निकले। गिनने के दौरान बीच में एक नोट पर लाल पेन से निशान लगा देख जगमोहन का माथा ठनका। अलग निकालकर रोशनी में देखने पर नोट नकली होने का शक हुआ। सोमवार को नोट बैंक प्रबंधक को दिखाया तो आशंका सही साबित हुई। इस पर बैंक प्रबंधक ने ग्राहक को ही रिपोर्ट कराने की सलाह दी। जगमोहन ने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि शिकायत पर जांच की जा रही है।
- चिह्नित होने के बाद एटीएम में कैसे पहुंचा नोट
पांच सौ के नकली नोट पर लाल पेन से निशान बैंक की तरफ से लगाया गया है। ऐसे में सवाल ये है कि बैंक से चिह्नित होने के बाद नोट एटीएम में कैसे पहुंचा। यदि ग्राहक को ठगने के लिए जानबूझकर नोट एटीएम में रखा गया तो बैंक की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होते हैं। सामान्य तौर पर लेनदेन के दौरान सावधानी बरतकर तो ठगी से बचा जा सकता है, मगर एटीएम से ही नकली नोट निकले तो बैंक की ठगी से कैसे बचा जाए।