मौसम में बदलाव और सर्दी की आहट के साथ ही सिविल अस्पताल में सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना पांच से छह मरीज सांस लेने में तकलीफ की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
चिकित्सकों के अनुसार, बदलते मौसम के साथ बढ़ता वायु प्रदूषण भी लोगों की सेहत पर असर डाल रहा है। इससे सांस के मरीजों के साथ ही हृदय रोगियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है। अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार सांस संबंधी समस्याओं से पीड़ित 25 से 50 वर्ष तक के लोग भी अस्पताल पहुंच रहे हैं।
इनमें महिलाओं और पुरुषों की संख्या लगभग बराबर है। चिकित्सकों का कहना है कि शारीरिक रूप से कमजोर और कम रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को मौसम में बदलाव के दौरान संक्रमण और सांस संबंधी बीमारियों की चपेट में आने का खतरा अधिक रहता है। चिकित्सकों ने बताया कि रात के समय तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
घर से बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करें और खानपान का भी ध्यान रखें। वहीं, ठंड के मौसम में हृदय रोगियों को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए। सर्दी में रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने से रक्तचाप बढ़ सकता है। इससे हृदय को खून को पंप करने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ती है और सीने में दर्द या एंजाइना की शिकायत हो सकती है।
सीएमएस अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि मौसम में बदलाव के साथ सांस और हृदय संबंधी समस्याओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। परेशानी होने पर लापरवाही करने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।