नगर पालिका परिषद मंगलौर के वार्ड संख्या-19, मोहल्ला टोली में बनाई जा रही सीसी सड़क के निर्माण में धांधली और गुणवत्ता की अनदेखी का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी शकील अहमद ने सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए सीएम पोर्टल पर शिकायत कर जांच की मांग की है।
शिकायत में बताया गया कि मंगलौर के वार्ड-19 में पालिका की ओर से सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार की ओर से निर्माण कार्य में मानकों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सड़क बनाने के लिए प्रयोग किए जा रहे सीमेंट, बजरी और रेत का मिश्रण (रेशियो) तय मानकों के अनुसार नहीं है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सड़क में डाला गया कच्चा माल इस्टीमेट के अनुरूप नहीं है। घटिया निर्माण सामग्री के कारण सड़क कुछ ही समय में टूटने की आशंका है। सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है जिससे जनता में रोष है। शिकायतकर्ता ने मांग की कि किसी स्वतंत्र तकनीकी एजेंसी या संस्थान से इस निर्माण कार्य की जांच कराई जाए।
साथ ही, जनहित को देखते हुए अपील की गई है कि जब तक जांच पूरी न हो जाए। तब तक संबंधित ठेकेदार के भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। पालिका अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि गुणवत्ता के अनुरूप सड़क का निर्माण किया जा रहा है।