अंबाला मंडल में कार्य के कारण तीन दिन तक ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहेगा। इसका असर मुरादाबाद मंडल में संचालित होने वाली ट्रेनों पर भी पड़ेगा। इसके कारण अमृतसर-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन 31 जनवरी को स्थगित रहेगा।
पंजाब में अमृतसर-जालंधर सिटी रेलमार्ग पर जालंधर सिटी में 28 से 31 जनवरी के मध्य यार्ड में पुल संख्या 28 के पुराने गार्डरों को हटाकर नए स्लैब डालने का कार्य कराया जाना है। इस दौरान ट्रैफिक और ओएचई ब्लॉक लिया जाएगा। कार्य के कारण कुछ ट्रेनों को स्थगित, मार्ग परिवर्तित और नियंत्रित कर संचालित किया जाएगा।
12053 - 54 अमृतसर - हरिद्वार - अमृतसर एक्सप्रेस और जालंधर - फिरोजपुर पैसेंजर ट्रेनें 31 जनवरी को स्थगित रहेंगी। 14680 अमृतसर - दिल्ली 29 जनवरी और 14679 दिल्ली - अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन 31 जनवरी को स्थगित रहेगी। टाटा - जम्मूतवी एक्स्प्रेस, पठानकोट - दिल्ली एक्सप्रेस को मार्ग परिवर्तित कर संचालित किया जाएगा। ओएचई ब्लॉक के कारण अमृतसर - नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस और गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस सहित 10 से अधिक ट्रेनों को मार्ग से डीजल इंजन लगाकर संचालित किया जाएगा।