अवैध खनन की सूचना पर देर रात एसडीएम ने प्रशासनिक टीम के साथ गंगा क्षेत्र में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान टीम को लोगों का विरोध झेलना पड़ा। इस दौरान मौके का फायदा उठाकर खनन कर रहे वाहन चालक भाग निकले। एसडीएम ने घेराबंदी कर अवैध खनन में लगे दो ट्रैक्टर और एक ट्रॉली को पकड़ लिया।
अवैध खनन के संबंध में एसडीएम सौरभ असवाल को गंगा क्षेत्र में खनन की शिकायत मिली थी। शिकायत पर 25 सितंबर की देर रात को एसडीएम ने प्रशासनिक टीम के साथ शिवपुरी गांव के पास गंगा क्षेत्र में छापा मारा। कार्रवाई से यहां खनन कर रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। वहीं कुछ लोगों ने महिलाओं को सामने कर कार्रवाई का विरोध करने का प्रयास किया।
इसका फायदा उठाकर खनन करने वाले अपने वाहनों को इधर-उधर लेकर भाग निकले। इस बीच एसडीएम ने एक वाहन का पीछा किया लेकिन चालक ने कार्रवाई से बचने के लिए खनन से भरी ट्रॉली को खाई में पलटा दिया। हालांकि ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया गया। इसके बाद घेराबंदी कर एक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया।
एसडीएम सौरभ असवाल ने बताया कि अवैध खनन की शिकायत पर कार्रवाई के दौरान खनन में लगे दो ट्रैक्टर और एक ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया गया है। कुछ लोगों ने महिलाओं को सामने कर कार्रवाई में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया था, उनकी पहचान की जा रही है। अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।