कोर्ट में चल रहे दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक के मुकदमे की सुनवाई के सिलसिले में रुड़की आई हलाला पीड़िता ने अपने पति के रिश्तेदार पर तमंचा दिखाकर धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बुग्गावाला थाना क्षेत्र निवासी महिला ने बृहस्पतिवार को गंगनहर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसने अपने पति दानिश, ससुर सईद, जेठ मोहम्मद अरसद, देवर परवेज और जावेद, सास गुलशाना, ननद सलमा व ननदोई फैजान के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, तीन तलाक का मुकदमा दर्ज कराया था।
इस मामले में पुलिस ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) की संबंधित धाराएं भी बढ़ाते हुए न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल कर दिया है। मामला वर्तमान में अदालत में विचाराधीन है। महिला के अनुसार 20 जुलाई को वह अपने भाई और अन्य परिजनों के साथ रुड़की स्थित रामनगर कोर्ट में तारीख पर आई थी। अदालत में पेशी के बाद वह अपने अधिवक्ता से मिली और फिर लौटने लगी।
आरोप है कि कोर्ट परिसर के पास उसका पति दानिश, उसके रिश्तेदार और कुछ अन्य लोग वहां खड़े मिले। महिला का कहना है कि पति और अन्य लोगों ने उसे घूरकर देखा और इसी दौरान उसके पति के बहनोई ने कपड़ों में छिपाकर रखा गया तमंचा शर्ट उठाकर उसे दिखाया। महिला ने बताया कि उसने तुरंत यह बात अपने भाई और परिजनों को बताई। तमंचा देखकर परिवार के लोग दहशत में आ गए और किसी तरह वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। पीड़िता ने घटना को लेकर पुलिस से सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।