दहेज में क्रेटा कार और पांच लाख की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को पीटकर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि इसके बाद पति ने तीन तलाक भी दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कस्बा लंढौरा के मोहल्ला हजरत बिलाल निवासी विवाहिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 9 अगस्त 2021 को उसका विवाह थाना पथरी क्षेत्र के गांव बूढ़ाहेड़ी निवासी सलमान के साथ हुआ था। इसमें उसके परिजनों ने ढाई लाख रुपये नकद व लाखों का सामान दिया था लेकिन ससुराल वाले दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे। उसे क्रेटा कार व पांच लाख रुपये लाने के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।
बताया गया है कि 25 सितंबर 2022 को उसने एक पुत्री को जन्म दिया।इसमें उसके परिजनों ने एक लाख रुपये नकद और लाखों का सामान दिया था। पुत्री के जन्म के बाद उसे और अधिक प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बार-बार उसे क्रेटा कार व 5 लाख रुपये नकद लाने की मांग की जा रही थी। इस पर उसने असमर्थता जताई।
19 अक्तूबर 2024 को आरोपियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की और जबरदस्ती उसे कार में बैठाकर लंढौरा ले आए। आरोपियों ने लंढौरा के मोहल्ला गडरियान चौक पर उसे कार से उतार दिया और मौके से फरार हो गए। इस दौरान पति ने उसे तीन तलाक भी दिया। बताया गया कि जनवरी फरवरी में पति द्वारा उसे तीन बार तलाक के नोटिस भी भेजे गए। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर पति सलमान, सास मेहनाज, ससुर कासिम, देवर शोएब , ननद सानिया निवासीगण बूढ़ाहेड़ी थाना पथरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।