लंढौरा में काली माता मंदिर के ताले तोड़कर घंटा चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से मंदिर से चोरी किया गया घंटा बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। आरोपी के खिलाफ रुड़की और मंगलौर में पांच आपराधिक प्राथमिकी दर्ज हैं।
लंढौरा निवासी सुनील वालिया ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि रविवार सुबह मंदिर की पुजारिन अन्य श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना कर रही थी। इसी दौरान लंढौरा निवासी मोबिन उर्फ मोनू मंदिर में घुस आया और ताले तोड़कर घंटा चोरी करने लगा। इसी दौरान पुजारिन की निगाह उसपर पड़ गई।
शोर मचाने पर आरोपी घंटा लेकर मौके से भाग गया था। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। पुलिस ने एक सूचना के आधार पर आरोपी युवक को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि लंढौरा स्थित काली माता मंदिर से चोरी करने वाले आरोपी मोबिन निवासी लंढौरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पहले भी पांच मुकदमे दर्ज हैं।