कोहरे का असर अब ट्रेनों के परिचालन पर पड़ने लगा है। सोमवार को लंबी दूरी की योगनगरी ऋषिकेश-जम्मूतवी एक्सप्रेस, अमृतसर-पूर्णियाकोर्ट जंक्शन जनसेवा एक्सप्रेस और अमृतसर-कोलकाता दुर्गियाना एक्सप्रेस ट्रेनें निरस्त रही। इससे लक्सर, हरिद्वार, रुड़की और सहारनपुर की यात्रा करने वाले मुसाफिर परेशान हुए।
सीजन के पहले घने कोहरे में रेंगते नजर आए वाहन
सोमवार सुबह सर्द सीजन के पहले घने कोहरे में दृश्यता कम होने के कारण हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए। इससे सुबह में मौसम खासा सर्द रहा। इस सीजन में पहले कोहरे के दौरान लक्सर-हरिद्वार और लक्सर-रुड़की हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए। दृश्यता कम होने के कारण कुछ मीटर दूर से आ रहे वाहन भी नजर नहीं आ रहे थे। भारी वाहनों से चारपहिया और दोपहिया वाहनों में केवल हेडलाइट ही नजर आ रही थी। वहीं, सीजन के पहले कोहरे के दौरान सोमवार की सुबह सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक सर्दी का अहसास हुआ। सुबह के समय लोग देरी से घरों के बाहर निकले। सुबह के समय टहलने वाले लोगों की संख्या भी सामान्य दिनों से कम रही।