छह माह पहले हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी हुए आभूषण और चोरी के रुपयों से खरीदी गई बुलेट बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है।
कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि नगर के मोहल्ला बाहर किला निवासी साजिद अंसारी ने सूचना देकर बताया था कि दो नवंबर 2024 की शाम को वह परिवार के साथ शादी में गया हुआ था। इसी दौरान रात के समय मकान का ताला तोड़कर घर में रखी लाखों की नकदी व जेवरात चोरी कर लिए गए थे। तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था।
बृहस्पतिवार की शाम को पुलिस को सूचना मिली कि लंढौरा मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास एक युवक खड़ा हुआ है। युवक चोरी की वारदात में शामिल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बताए गए स्थान की घेराबंदी कर युवक को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुए आभूषण, चोरी के रुपयों से खरीदी गई बुलेट बाइक व आईफोन बरामद किया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि चोरी के आरोप में पकड़ा गया आरोपी शावेज निवासी मलकपुरा मंगलौर है।