चोरी के मामले में कोर्ट में आत्मसमर्पण करने आया आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। पुलिस ने एक घंटे में पीछा कर उसे पकड़ लिया। वहीं, पुलिस ने अभिरक्षा से फरार होने के मामले में भी केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, लक्सर के केशवनगर निवासी सचिन कुमार के खिलाफ कुछ दिन पहले चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार उसे जेल भेजा था। कुछ दिन बाद वह जमानत पर बाहर आ गया था। पिछली बार तारीख पर न आने के कारण कोर्ट ने वारंट जारी किए थे। शुक्रवार को सचिन ने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में पेश होकर वारंट रिकॉल करने की अर्जी दी थी। कोर्ट ने अर्जी पर अगले दिन सुनवाई करने की बात कहकर सचिन को रुड़की जेल भेजने के आदेश दिए थे। पुलिसकर्मी सचिन को तहसील मुख्यालय के दूसरे तल पर स्थित कोर्ट से लेकर नीचे खड़ी जेल की गाड़ी तक ला रहे थे। नीचे पहुंचते ही सचिन पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भाग निकला। आरोपी के फरार होने से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने करीब एक घंटे तक उसका पीछा किया। इस दौरान पुलिस को पीछा करते देख प्रतापपुर गांव निवासी चांदवीर ने सचिन को पकड़ लिया। साथ ही पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिसकर्मी उसे लेकर तहसील मुख्यालय की हवालात पहुंचे और बंद कर दिया। सूचना पर एसएसआई मनोज सिरोला और कस्बा चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस अभिरक्षा से भागने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।