जीटी रोड पर हॉस्टल के पास प्लॉट बेचने के नाम पर 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गंगनहर कोतवाली पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भारत नगर निवासी जावेद ने अदालत में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि आरोपियों ने 14 नवंबर 2025 को उसे प्लॉट दिखाया था। आरोप है कि प्लॉट का सौदा 8.20 करोड़ रुपये में तय हुआ और 20.25 लाख रुपये बयाने के तौर पर लिए गए। बाद में जानकारी मिली कि प्लॉट आरोपियों का नहीं है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर पांच दिसंबर 2025 को आरोपियों ने उससे 50 लाख रुपये लेने की रसीद लिखकर दी और 30 जनवरी 2026 तक रकम लौटाने का वादा किया। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उसे धमकी दी गई।
शिकायत के अनुसार, जावेद ने पहले पुलिस और अधिकारियों से शिकायत की थी। कार्रवाई नहीं होने पर अदालत की शरण ली। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने अदालत के आदेश पर कमरुज्जमा निवासी पुरानी तहसील रुड़की और उस्मान निवासी खंजरपुर रुड़की के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज मामले की जांच उपनिरीक्षक नवीन कुमार को सौंपी गई है।