सिविल लाइन कोतवाली पुलिस ने नमाज पढ़कर लौट रहे युवक हुए हमले के मामले में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रुड़की के आदेश पर 10 नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
आदर्शनगर निवासी मोहम्मद समद ने तहरीर में बताया कि 23 फरवरी की रात वह पठानपुरा स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। नमाज के बाद घर लौटते समय ट्रांसफार्मर के पास कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और रंजिश में गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने बेल्ट और चेन से उसपर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्हें देखकर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल युवक को परिजनों ने उपचार दिलाया।
पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी थी लेकिन आरोप है कि मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर पुलिस ने साहिब, रिहान, मोहम्मद जैद, रहमान, मोनिस, सैफ, शाहरूख, आरिस, शोएब, शाकिब निवासी मोहल्ला पठानपुरा अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।