टांडा मझादा गांव में आरोपी सागर ने गांव के ही प्रदीप राठौर पर तमंचे से गोली चला दी। गोली उसके कान को छूकर निकल गई। किसी प्रकार भागकर प्रदीप ने अपनी जान बचाई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर आ गए। इसपर आरोपी मौके से भाग निकला। आरोपी युवक पिल्ला गैंग से जुड़ा बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
लक्सर कोतवाली के टांडा मझादा गांव निवासी प्रदीप राठौर ने तहरीर में बताया कि 20 सितंबर की रात को वह अपने परिजन के साथ घर में बैठे हुए थे। रात करीब 9 बजे आरोपी सागर निवासी ग्राम टांडा मझादा उनके घर के बाहर आया और गाली-गलौज करने लगा। वह गेट खोलकर बाहर आए तो आरोपी ने उन पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से गोली चला दी।
गोली उनके कान को छूकर निकली और दरवाजे में जा लगी। उन्होंने वापस घर में भागकर अपनी जान बचाई। पड़ोसियों के घरों के बाहर आने पर आरोपी देख लेने की धमकी देकर वहां से भाग निकला। प्रदीप के अनुसार, आरोपी पिल्ला गैंग से जुड़ा है जो सुपारी लेकर लोगों को डराता है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।