भगवानपुर। डाडा जलालपुर गांव में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की कियोस्क शाखा में बुधवार आधी रात अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्रिकांड में हजारों की नगदी समेत करीब 1.75 लाख का नुकसान हुआ है। हालांकि पुलिस आग लगने के पीछे शार्ट सर्किट को कारण मान रही है। फिर भी बैंक मैनेजर की ओर से भगवानपुर थाने में तहरीर दी गई है।
भगवानपुर के डाडा जलालपुर गांव में एसबीआई की कियोस्क शाखा खुली हुई है। बुधवार की रात करीब दो बजे बैंक शाखा से अचानक धुआं निकलने पर ग्रामीणों को शक हुआ। इससे पहले कि ग्रामीण कुछ समझ पाते आग की लपटें निकलनी शुरू हो गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने पुलिस को अग्रिकांड की सूचना देते हुए खुद ही आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।
मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। मगर हजारों की नगदी समेत करीब 1.75 लाख का नुकसान होने की बात सामने आई है। बैंक मैनेजर ने भगवानपुर थाने में तहरीर भी दी। थाना प्रभारी सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है, मैनेजर की तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है।