मंगलौर। किसानों के नलकूपों से विद्युत उपकरण चोरी करने के मामले में फरार चल रहे पांच हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी का पुलिस ने चालान कर दिया है। उसके तीन साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मंगलौर कोतवाली पुलिस देर शाम बुडपुर जट्ट से पुरकाजी मार्ग पर गश्त कर रही थी। जैसे ही पुलिसकर्मी बुडपुर जट्ट तिराहे पर पहुंचे तो मुखबिर ने सूचना दी कि पुरकाजी जाने वाले मार्ग पर एक पेड़ के पास एक युवक संदिग्ध हाल में खड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा मिला। पूछताछ करने पर उसने तांशीपुर, बसवा खेड़ी व मोहम्मदपुर जट्ट में नलकूपों से हुई विद्युत उपकरणों की चोरी के मामले में शामिल होना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुड्डू निवासी अलावलपुर थाना भगवानपुर बताया। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि विद्युत उपकरणों की चोरी के मामले में फरार चल रहे पांच हजार के इनामी गुड्डू को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है।