अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की। सिविल अस्पताल में बृहस्पतिवार को स्वाइन फ्लू के दो संदिग्ध मामले सामने आए हैं। इसकी जांच के लिए सैंपल हरिद्वार भेज दिया गया है। साथ ही इसे लेकर अस्पताल प्रबंधन अलर्ट हो गया है। मालूम हो कि देहरादून में स्वाइन फ्लू से कई लोगों की जान जा चुकी है।
देहरादून सहित अन्य शहरों के बाद अब रुड़की में भी स्वाइन फ्लू ने दस्तक दी है। बृहस्पतिवार को इससे संबंधित दो मरीज सिविल अस्पताल पहुंचे। जांच के बाद प्रथम दृष्ट्या स्वाइन फ्लू की आशंका होने पर उनके सैंपल हरिद्वार भेजे गए हैं। इस संबंध में सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एके मिश्रा का कहना है कि बृहस्पतिवार को अलग-अलग मामलों में एक महिला और एक पुरुष में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए हैं। इनके सैंपल हरिद्वार भेज दिए गए हैं। दो दिनों में रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति सपष्ट होगी । उन्हें आवश्यक दवाएं दी गई हैं। मालूम हो कि इससे पहले देहरादून, हरिद्वार में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन रुड़की में बृहस्पतिवार को पहली बार स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए हैं।