ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
पर्यावरण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता को लेकर अमर उजाला की ओर से ‘स्वच्छ रुड़की, स्वस्थ रुड़की’ थीम पर आयोजित साइकिल रैली को लेकर युवाओं के साथ ही हर वर्ग के लोगों में उत्साह दिखाई दे रहा है। बृहस्पतिवार को करीब 100 लोगों ने साइकिल रैली में प्रतिभाग करने के लिए पंजीकरण कराया। यहीं नहीं लोग दिनभर साइकिल रैली के बारे में जानकारी जुटाते रहे।
तीन फरवरी को अमर उजाला और एवन साइकिल, जेरथ पैथो लैब, आरआईटी कॉलेज, गोस्वामी आटोमोबाइल, नगर निगम, सेंट मार्क्स एकेडमी रुड़की की ओर से साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली सुबह साढ़े सात बजे से नगर निगम से शुरू होगी। करीब एक घंटे बाद पुहाना स्थित आरआईटी कॉलेज में रैली का समापन होगा। इस रैली में शामिल होने के लिए शहरवासियों और स्कूली छात्र छात्रों को अपना पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण कराने के बाद ही प्रतिभागी रैली में शामिल हो सकेंगे। रैली में शामिल होने के लिए आयु वर्ग में उत्साह देखने को मिला। बृहस्पतिवार को पहले दिन करीब 100 से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं और युवाओं ने रैली में प्रतिभाग करने के लिए पंजीकरण कराया। रैली में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
यहां-यहां से निकलेगी साइकिल यात्रा
नगर निगम कार्यालय, बोट क्लब, नहर किनारा, गणेशपुर पुल, मालवीय चौक, बीएसएम तिराहा, आजाद नगर चौक, रामनगर, रामपुर चुंगी होते हुए हाईवे स्थित आरआईटी कॉलेज में समाप्त होगी।
इस नंबर पर कराएं पंजीकरण
- 9760039725
----------------
इन्होंने की अपील
आइए तीन फरवरी को हम सभी रुड़कीवासी अमर उजाला की इस पहल में शामिल हो, ‘स्वच्छ रुड़की, स्वस्थ रुड़की’ के लिए भी सभी कदम बढ़ाएं। आपके एक कदम से नगर निगम रुड़की को स्वच्छता रैंकिंग में प्रथम स्थान मिल सकता है। आप सभी स्वच्छता एप डाउन कर अपने शहर के स्वच्छ बनाने में भागीदार बनें।
-अशोक कुमार पांडेय, मुख्य नगर आयुक्त
शहर को स्वच्छ बनाने में हम सभी को आगे आना चाहिए। हमारा एक कदम रुड़की नगर निगम को स्वच्छता रैंकिंग में एक नंबर पर लाने में मदद कर सकता है। रैली में शामिल होने के लिए सभी को आगे आना चाहिए। शहर को स्वच्छ रखने के लिए कूड़े को कूड़ेदान में ही डाले।
-यश अग्रवाल, मैनेजिंग ट्रस्टी, आरआईटी कॉलेज
-------------------