ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
आज (मंगलवार को) होने वाली निकाय चुनाव की मतगणना के लिए मतगणना स्थल परिसर और आसपास अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। झबरेड़ा, लंढौरा, मंगलौर और कलियर निकायों की मतगणना की प्रक्रिया बीएसएम इंटर कॉलेज में सुबह आठ बजे से शुरू की जाएगी। जबकि, भगवानपुर नगर पंचायत की मतगणना आरएनआई इंटर कॉलेज और लक्सर नगर पालिका की मतगणना लक्सर तहसील मुख्यालय पर होगी। इसके लिए पुलिस सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उधर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिका खंडेलवाल ने संबंधित प्रत्याशियों की बैठक ली और एसपी देहात ने मतगणना स्थल की सुरक्षा का जायजा लिया।
शांतिपूर्ण मतगणना कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इसी कड़ी में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिका खंडेलवाल ने मतगणना स्थल बीएसएम इंटर कॉलेज में झबरेड़ा, मंगलौर, पिरान कलियर और लंढौरा के प्रत्याशियों की बैठक ली। साथ ही प्रत्याशियों को मतगणना के नियमों की जानकारी दी। इसके अलावा एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने भी मतगणना स्थल की सुरक्षा का जायजा लिया और ड्यूटी में लगे सभी पुलिस कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए। एजेंटों को कार्ड के साथ मतगणना स्थल में प्रवेश दिया जाएगा।
एसपी देहात ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हो जाएगी। इस दौरान कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए रुड़की और मंगलौर सीओ, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी, गंगनहर कोतवाली प्रभारी, मंगलौर कोतवाली प्रभारी, पिरान कलियर एसओ, झबरेड़ा एसओ समेत अन्य पुलिस बल लगाया गया है। मतगणना स्थल की 200 मीटर की परिधि में वाहन पार्क नहीं किया जाएगा। बीएसएम तिराहे, मालवीय चौक और गणेशपुर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात निरीक्षक और सिपाहियों को मतगणना स्थल के आसपास व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
6.30 बजे सुबह मिलेगा एजेंटों को प्रवेश
08 बजे सुबह मतगणना शुरू हो जाएगी
9.30 बजे सुबह तक घोषित आएंगे पहले चरण के परिणाम
01 घंटे में मतगणना की जानकारी दी जाएगी
200 मीटर की परिधि में धारा 144
मतगणना केंद्र की 200 मीटर की परिधि में पांच से अधिक व्यक्तियों के समूह के रूप में एकत्रित होने और 500 मीटर की परिधि में ज्वलनशील पदार्थ, धारदार और घातक हथियार, गंड़ासा, लाठी, जेली, फरसा, तलवार, कृपाण इत्यादि साथ लेकर चलने एवं प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध रहेगा।