वृद्धावस्था में एकाकी जीवन काट रहे कई वृद्धों को फिर से घर बसाने का ख्वाब दिखाकर उनसे शादी रचाने वाली एक 60 वर्षीय दुल्हन की पुलिस को सरगर्मी से तलाश है। महिला पर आरोप है कि उसने कई उम्र दराज मर्दों से शादी की और फिर मौका पाकर उनकी जमीन और पैसा लेकर उड़ गई।
इस मामले में 60 वर्षीय दुल्हन का शिकार हुए तीन पीड़ितों ने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर देकर अपना धन वापस दिलाने की मांग की है। शनिवार को दोपहर के समय कोतवाली पहुंचे हाकिम अली (64 वर्ष) निवासी भगवानपुर और इब्राहिम (65 वर्ष) निवासी एक्कड़खुर्द तथा तासीन (56 वर्ष) निवासी अलावलपुर भगवानपुर ने बताया कि आरोपी नूरजहां (60 वर्ष) ने अलग-अलग समय में निकाह कर उनकी जमीन और पैसा हड़प लिया।
इसके बाद वह चंपत हो गई। एक-एक कर तीनों पीड़ितों को उसने चूना लगाया। बताया कि इसके अलावा भी उसने कई लोगों को दुल्हन बनकर ठगा है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह के काम को अंजाम देने के लिए पूरा गैंग सक्रिय है। उन्होंने मामले में जांच और कार्रवाई की गुहार लगाई है।