उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के पहले दिन इंटरमीडिएट की ड्राइंड और पेंटिंग परीक्षा आयोजित की गई। पहले दिन लक्सर में 54 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार के नेतृत्व में सचल दल ने तीन परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
शनिवार से उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाएं आरंभ हो गईं। पहले दिन सुबह 10ः30 से दोपहर एक बजे तक इंटरमीडिएट की ड्राइंग और पेंटिंग परीक्षा आयोजित की गई। खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि लक्सर में 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई।
इन केंद्रों पर कुल 1168 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 466 छात्र और 502 छात्राएं शामिल हैं। प्रथम दिन 1114 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 54 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान किसान विद्यालय इंटर कॉलेज, आईपी इंटर कॉलेज और बाल निकुंज विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान यहां व्यवस्थाएं चाक-चौबंद मिलीं। बताया कि प्रथम दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई है। वहीं, बोर्ड परीक्षाओं को लेकर छात्र -छात्राओं में उत्साह देखने को मिला। परीक्षार्थियों ने बताया कि ड्राइंग और पेंटिंग की परीक्षा आसान रही है।