ईंटों की सप्लाई करने वाले ट्रैक्टर ट्राली संचालकों ने एसपी देहात कार्यालय पहुंचकर शिकायत की कि चेकिंग के नाम पर पुलिस अवैध वसूली व मारपीट कर रही है। पैसा न देने पर उनके वाहन सीज किए जा रहे हैं।
शुक्रवार को ईंट निर्माता कल्याण समिति का प्रतिनिधिमंडल एसपी देहात मणिकांत मिश्रा से मिला। आरोप लगाया कि लंढौरा क्षेत्र में ईंटों का काम होता है। यहां से ईंटें उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में भेजी जाती है। यहां के अधिकतर लोगों की रोजी रोटी इसी से चलती है, लेकिन इसके बंद होने से रोजी रोटी का संकट पैदा हो जा रहा है। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले लंढौरा ईंट-भट्ठे से इरशाद ईंट लेकर रुड़की आ रहा था। जिसको एक दरोगा ने रोक लिया। उससे पैसों की मांग की। पैसा न देने पर उसके साथ मारपीट कर दी। जिसको लेकर ईंटों की सप्लाई करने वाले मजदूरों में रोष है। बृहस्पतिवार को भी मजदूरों ने नगला इमरती में धरना प्रदर्शन किया था। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। एसपी देहात से मिलने वालों में जिलाध्यक्ष नरेश त्यागी, कोषाध्यक्ष सुभाष सिंघल, सचिव विपिन गोयल, ऋषिपाल, फजला, क्यूम, मुस्तफा, यूनूस आदि मौजूद रहे।