ढाई लाख की गड्डी थमाकर 50 हजार लेकर हुए फरार
कागज की निकली गड्डी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। बैंक के अंदर रकम जमा करने आए एक होटल कर्मचारी को झांसे में लेकर दो युवक कागज की गड्डी थमाकर 50 हजार की रकम लेकर फरार हो गए। कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रदीप विहार मीलापनगर, रुड़की प्रमोद कुमार राम एक होटल में कर्मचारी हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मंगलवार को डेढ़ लाख का चेक लेकर रुपये निकालने मोहनपुरा स्थित एक बैंक गए थे। चेक लगाकर उन्होंने रुपये निकाल लिए थे। यहां पर उन्हें दो युवक मिले और बताया कि उन्हें दो लाख रुपये जमा करने हैं। लेकिन वह रुपये जमा करने वाला फॉर्म भरना नहीं जानते हैं।
युवकों ने उनसे फॉर्म भरने की बात कही। इसके बाद वह फॉर्म भरने लगे। कुछ देर बाद युवक ने बताया कि उन्हें पचास हजार की बहुत जरूरत है। इसलिए वह उन्हें पचास हजार रुपये दे दें। इसके बदले में वह दो लाख रुपये की गड्डी ले लेें। वह कुछ देर बाद आकर उन्हें पचास हजार रुपये गड्डी में से निकालकर दे देेंगे। झांसे में आकर उन्होंने पचास हजार रुपये युवकों को दे दिए और उनसे गड्डी ले ली।
काफी देर बाद युवक नहीं आए तो उन्होंने शक होने पर गड्डी खोलकर देखी। गड्डी में ऊपर एक पांच सौ का नोट था, जबकि नीचे कागज थे। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।