रुड़की। पंचायत चुनाव के लिए जहां उम्मीदवारों और प्रशासन ने कमर कस ली है। वहीं राजकीय लिथो प्रेस रुड़की में 48 लाख बैलेट छपकर तैयार हो गए हैं और प्रशासन की देखरेख में काउंटिंग का काम युद्धस्तर पर जारी है। चुनाव में अलग-अलग पदों के लिए चार रंग के मतपत्र छापे गए हैं, जिसमें प्रधान के लिए हरा और जिला पंचायत के लिए नीले रंग का मतपत्र है। वहीं क्षेत्र पंचायत के लिए गुलाबी और ग्राम पंचायत के लिए सफेद रंग के मतपत्र छापे गए हैं।
पंचायत चुनाव में नामांकन पत्रों की बिक्री के साथ ही सरगर्मी तेज हो गई है। पुलिस-प्रशासन की ओर से मतदान स्थलों और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों का भी चिह्नित किया जा रहा है। बैलेट पेपर छपकर तैयार होने के बाद उसकी काउंटिंग का काम रात-दिन चल रहा है। लिथो प्रेस के अपर निदेशक सर्वेश गुप्ता के अनुसार बैलेट पेपर छापने का कार्य संपन्न हो गया है और एक सप्ताह में काउंटिंग के बाद इसे प्रशासन के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पिछली बार की अपेक्षा इस बार चुनाव चिह्नों की संख्या में बढ़ाई गई है। पिछली बार जहां अधिकतम 32 चुनाव चिह्नों वाले बैलेट छापे गए थे, वहीं इस बार 38 चुनाव चिह्न वाले बैलेट छापे गए हैं। अब यह नामांकन के बाद तय होगा कि किसको क्या चुनाव चिह्न आवंटित होता है। फिलहाल सभी उम्मीदवार पंचायती चुनाव की बिसात बिछाने में जुटे हैं ताकि समय आने पर प्रतिद्वंद्वी को मात दे सकें।