रुड़की। बालिका अभिप्रेरणा शिविर में चार ऐसी बालिकाओं ने पंजीकरण कराया है, जो कक्षा आठ के बाद पढ़ाई छोड़ चुकी है। अब यह बालिकाएं फिर से अपनी पढ़ाई शुरू करेंगी। राजकीय माध्यमिक शिक्षा अभियान की ओर से चलाई जा रही बालिका अभिप्रेरणा शिविर के माध्यम से बालिकाओं और उनके अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा हैं।
पिछले दिनों राजकीय माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बालिका अभिप्रेरणा शिविर आयोजित कराने का फैसला लिया था। जिसके लिए जिले के 83 स्कूलों को चयनित किया गया है। इस स्कूलों में उन बालिकाओं और उनके परिजनों को जागरूक करना है, जो बालिकाएं कक्षा आठ के बाद पढ़ाई छोड़ चुकीं है। बुधवार को राजकीय कन्या इंटर कालेज रुड़की में बालिका अभिप्रेरणा शिविर का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन उपशिक्षा अधिकारी रीना राठौर ने किया। शिविर में शिक्षिकाएं और आस-पास के कई स्कूलों की छात्राएं और पढ़ाई छोड़ चुकी बालिकाएं मौजूद रही। इस दौरान जिला समन्वयक डॉ संतोष चमोला ने बालिकाओं को पुन: विद्यालय से जोड़ने के लिए अभिप्रेरित किया । समाज कल्याण विभाग से आई रेनू ने छात्राओं के हित में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। एनजीओ एजुकेट गर्ल्स ग्लोबल की प्रतिमा भारद्वाज ने छात्राओं को जागरूक किया। इस दौरान विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। खुशबु, अंजना, अनू ने कक्षा नौ के लिए पंजीकरण कराया। इसके साथ ही समरीन के अभिभावकों ने भी शिविर में पहुंचकर पंजीकरण कराया। राजकीय कन्या इंटर कालेज रुड़की की प्रधानाचार्य नीलम कटियार ने बताया कि इन बालिकाओं को अप्रैल से शुरू हो रहे सत्र में प्रवेश दिया जाएगा। इस दौरान श्रद्धा शर्मा, अनु कोहली, निरुपमा वर्मा, अंजू आदि शिक्षिका मौजूद रही।