एसबीआई के एटीएम से पैसे निकालने गए महताैली गांव निवासी युवक का डेबिट कार्ड बदलकर उसके खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी में तहरीर देकर पैसा निकालने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महताैली गांव निवासी अनित ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी में तहरीर देकर बताया कि उसने एसबीआई में खाता खुलवा रखा है जिसका उसने डेबिट कार्ड बनवाया हुआ है। शनिवार शाम करीब 5:45 बजे वह सुल्तानपुर एसबीआई के एटीएम से पैसे निकालने के लिए गया था।
इस दौरान पास खड़े एक व्यक्ति ने कार्ड लगाकर एंट्री करने के बहाने उसका कार्ड बदल लिया। अमित ने बताया कि उसके बाद उस व्यक्ति ने उसके खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से 40 हजार रुपये निकलते ही मोबाइल पर मैसेज आने से पैसा निकालने की जानकारी हुई। इसे देखकर उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी में मामले की तहरीर देते हुए उसके खाते से पैसा निकलने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है।