एटीएम से पैसे निकालने गई युवती का डेबिट कार्ड बदलकर उसके खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। धोखाधड़ी की शिकार हुई युवती की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा गांव निवासी युवती अलीशा ने तहरीर में बताया कि चार अप्रैल को वह खरीदारी करने के लिए लक्सर आई थीं। इस दौरान पैसों की आवश्यकता पड़ने पर उन्होंने बालावाली तिराहे के पास एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने का प्रयास किया लेकिन पैसे नहीं निकले। इस बीच यहां मौजूद एक व्यक्ति ने उनकी मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया।
अलीशा के अनुसार, वह घर वापस आ गई लेकिन इसी दौरान आरोपी ने उनके खाते से बालावाली तिराहा और तहसील मार्ग स्थित एटीएम से दो बार में 40 हजार रुपये निकाल लिए। बाद में उन्हें इसका पता लगा। युवती ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
ऑनलाइन धोखाधड़ी कर 1.60 लाख ठगे
लक्सर। साइबर ठगों ने एक युवक से करीब 1.60 लाख की रकम ठग ली। पीड़ित युवक सावेज आलम ने ऑनलाइन माध्यम से दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि अज्ञात लोगों ने साइबर ठगी करते हुए उनसे 1.60 लाख की ठग ली। बाद में उन्हें ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।