रोडवेज की दो बसों से मणिपुर के 39 छात्रों को हरिद्वार के रास्ते देहरादून भेजा गया। यह छात्र रुड़की के आईआईटी सहित अलग अलग कॉलेजों में पढ़ाई करते थे।
मंगलवार को देहरादून से विशेष ट्रेन से यह सभी छात्र भेजे जाएंगे। रोडवेज के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी विवेक कपूर ने बताया कि 39 छात्रों में से 17 छात्र फोनिक्स कॉलेज, 11 छात्र मदरसा रहमानिया रुड़की, चार छात्र क्वांटम कॉलेज, तीन आईआईटी रुड़की के, दो मंगलौर मदरसा व दो अन्य छात्र शामिल हैं। मणिपुर के छात्र धन कुमार सिंह, आशिक अली ने बताया कि देहरादून से विशेष ट्रेन जिरिबाम (मणिपुर) के लिए चलेगी। रोडवेज बस अड्डे पर सभी छात्रों की इमलीखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने मेडिकल स्क्रीनिंग की। टीम में डॉ. दिग्विजय नौटियाल, डॉ. सुरेश सिंह शामिल रहे। इस अवसर पर नायाब तहसीलदार अवनीश कुमार, कानूनगो अनुज कुमार, फजल मंगलौरी, मदरसा रहमानिया के मौलाना अरशद आदि मौजूद रहे।
रोडवेज ने 18 बसों को हरिद्वार भेजा
रुड़की। मंगलवार को दूसरे प्रदेशों से आने वाले रेल यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज प्रशासन की ओर से 18 बसें हरिद्वार भेजी गई। इन बसों में से तीन बसों को सोमवार सुबह भेजा गया था। जबकि बाकी 15 बसों को शाम को हरिद्वार रवाना किया गया। हरिद्वार से यह बसें रेलगाड़ी से उतरने वाले यात्रियों को देहरादून, ऋषिकेश, हल्द्वानी, काठगोदाम, टनकपुर, काशीपुर, रुद्रपुर यात्रियों को छोड़ने जाएंगी। तीन बजे तड़के ट्रेन का आने का समय है, ऐसे में सुबह सात बजे से अधिकांश बसें यात्रियों को लेकर रवाना हो जाएंगी।