रुड़की। जिला कृषि अधिकारी विकेश यादव ने निजी उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों पर आकस्मिक निरीक्षण करते हुए एक दुकानदार को रिकार्ड नहीं दिखाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जबकि दस उर्वरक विक्रेताओं, छह बीज विक्रेताओं के लाइसेंस नवीनीकरण नहीं कराने पर निरस्त कर दिए हैं।
मंगलवार को जिला कृषि अधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ब्रिकी का रिकार्ड नहीं दिखा पाने पर धनौरी के मैसर्स अंकित खाद भंडार को दस दिन के अंदर कारण बताओ नोटिस दिया है। इसके साथ ही लाइसेंस का नवीनीकरण न होने पर शिव शक्ति बायो प्लांटेक लिमिटेड इब्राहिमपुर रुड़की, पंकज फर्टिलाइजर मुंडलाना, कृषि सेवा केंद्र नानकगढ़, रॉयल ट्रेडर्स रामपुर रुड़की, पुंडीर खाद भंडार खेड़ी शिखोपुर, शुभम किसान सेवा केंद्र झबरेड़ा, किसान कृषि सेवा केंद्र मुस्तफाबाद, किसान कृषि सेवा केंद्र बेड़पुर, चौहान खाद भंडार जयपोता, किसान बीज भंडार गोवर्धनपुर,
चौधरी बीज भंडार गोवर्धनपुर आदि उर्वरक और बीज विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त किए गए है। जिला कृषि अधिकारी विकेश यादव ने कहा कि किसान उर्वरक बीज एवं रसायन आदि अधिकृत लाइसेंसधारी दुकानों से ही खरीदें। उन्होंने बताया कि जिन दुकानदारों के लाइसेंस निरस्त किए गए है, यदि वह उर्वरक और बीज की खरीद फरोख्त करते पकड़े जाते है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।